गाजियाबाद (शिखर समाचार)। प्रदेश सरकार ने प्रांतीय रक्षक दल पीआरडी के स्वयंसेवकों को बड़ी सौगात देते हुए उनके हित में तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। मंगलवार को गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, रामगढ़ ताल से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पीआरडी स्वयंसेवकों के साथ सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का जनपद स्तर पर लाइव प्रसारण कराया गया, जिसमें गाजियाबाद के पीआरडी स्वयंसेवक भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए तीन प्रमुख घोषणाएं कीं। इनमें लखनऊ में पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए मल्टीस्टोरी बैरक का शिलान्यास, स्वयंसेवकों एवं उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा और ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी शामिल है। अब पीआरडी स्वयंसेवकों को 500 रुपये प्रतिदिन के स्थान पर 600 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलेगा।
सरकार की योजनाओं से हर वर्ग को लाभ
कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक संजीव शर्मा ने पीआरडी जवानों और उपस्थित गणमान्य नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के अनुरूप कार्य कर रही है। सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और उत्थान के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है और पात्र लोगों तक इनका लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि सरकार कर्मचारियों और विभिन्न वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर वेतन, मानदेय, भत्ते और अन्य सुविधाओं में आवश्यक प्रावधान कर रही है। पीआरडी जवानों के ड्यूटी भत्ते में 100 रुपये प्रतिदिन की वृद्धि तथा उनके परिवारों के लिए पांच लाख रुपये वार्षिक कैशलेस चिकित्सा सुविधा इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और प्रदेश में समावेशी विकास सुनिश्चित करना है।
अधिकारियों ने पीआरडी स्वयंसेवकों का बढ़ाया उत्साह
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ और परियोजना निदेशक प्रदीप कुमार पाण्डेय ने भी जनपद के पीआरडी स्वयंसेवकों को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने सरकार की ओर से घोषित सुविधाओं को स्वयंसेवकों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। इनमें रजापुर की क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी नूतन सोनकर, मुरादनगर की ऋचा तिवारी और लोनी की आशिमा गोस्वामी शामिल रहीं। व्यायाम प्रशिक्षक सौरभ कुमार समेत विभागीय स्टाफ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।
सरकार की इन घोषणाओं से पीआरडी स्वयंसेवकों में उत्साह का माहौल रहा। ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी के साथ परिवार के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने से स्वयंसेवकों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मिलने की उम्मीद है।
