हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला-2027 में देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए हरिद्वार में प्रमुख मार्गों, पुलों और संपर्क मार्गों को बेहतर स्वरूप देने का काम तेज कर दिया गया है। मेलाधिकारी सोनिका ने सोमवार को मंडावर-छुटमलपुर से लेकर शिवालिक नगर और ज्वालापुर क्षेत्र तक विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कुंभ से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
मंडावर में 204 लाख की लागत से बन रहा स्वागत द्वार
मेलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश सीमा पर मंडावर में निर्माणाधीन स्वागत द्वार का निरीक्षण किया। करीब 204.19 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस द्वार को कुंभ क्षेत्र में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं के लिए आकर्षक प्रवेश बिंदु के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कार्य में तेजी लाने और आसपास सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने धनौरी-सिडकुल संपर्क मार्ग पर पथरी रोह नदी तथा पुरानी गंग नहर साइफन के डाउनस्ट्रीम में बन रहे पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि महत्वपूर्ण परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। मेलाधिकारी ने भाईचारा ढाबा से बीएचईएल बैरियर नंबर-6, शिवालिक नगर चौक और बीएचईएल मध्य मार्ग तक चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया। ज्वालापुर से ईदगाह, सुभाषनगर-पीएसी होते हुए शिवालिक नगर तक सड़क नवीनीकरण और आबादी वाले क्षेत्रों में इंटरलॉकिंग टाइल्स के कार्य की प्रगति भी देखी। किलोमीटर-3 में पथरी रोह नदी पर 60 मीटर लंबे प्री-स्ट्रेस्ड आरसीसी पुल के निर्माण को भी उन्होंने समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
अतिक्रमण हटाने और सौंदर्यीकरण पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सड़कों से अतिक्रमण हटाने तथा सड़कों, पुलों और डिवाइडरों के आसपास योजनाबद्ध पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। शिवालिक नगर चौक के सुधार और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर देते हुए यातायात व पैदल आवागमन को ध्यान में रखकर आवश्यक कार्य कराने को कहा। भगत सिंह चौक पर सौंदर्यीकरण और फुटपाथ निर्माण का निरीक्षण कर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित सुविधाएं विकसित करने के निर्देश भी दिए।
सोनिका ने कहा कि कुंभ के लिए विकसित की जा रही आधारभूत सुविधाओं का लाभ मेला समाप्त होने के बाद भी हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों को मिलेगा। इसलिए सभी परियोजनाएं गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और टिकाऊ बनाई जाएं। निरीक्षण के दौरान पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल, एचआरडीए के उद्यान अधिकारी ए.आर. जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
