हरिद्वार (शिखर समाचार)। आगामी नवरात्रि पर्व और यात्रा सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट, गुणवत्ता में कमी तथा एक्सपायरी सामग्री के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पांडे और जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर मंगलवार को सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार महिमानंद जोशी के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
ब्लिंकिट वेयरहाउस से कुट्टू के आटे और पनीर के नमूने लिए
अभियान के दौरान कनखल स्थित ब्लिंकिट कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया। संदेह के आधार पर कुट्टू के आटे के दो और पनीर के दो, कुल चार विधिक नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान कार्मिकों का चिकित्सकीय स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, कीट नियंत्रण रिपोर्ट, चूहों की रोकथाम संबंधी व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली योजना से जुड़े अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया।
होटल में एक्सपायरी सामग्री मिलने पर चालानी कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इसके अलावा जगजीतपुर, कनखल स्थित सुकून बाय द गंगेज होटल का भी निरीक्षण किया गया। होटल का संचालन परफेक्ट स्टेज होटल्स एंड रिजॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। यहां आटा और चावल सहित दो विधिक नमूने लिए गए। रसोई में खाद्य पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल की जा रही कुछ कच्ची सामग्री एक्सपायरी तिथि के बाद की मिली। इस पर संबंधित अधिनियम की धाराओं के तहत होटल के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। होटल प्रबंधन द्वारा कार्मिकों की चिकित्सकीय जांच, कीट नियंत्रण, पेयजल और खाद्य पदार्थों की जांच से संबंधित अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किए गए। इन्हें एक सप्ताह के भीतर कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए गए।
अभियान में कुल छह विधिक नमूने लिए गए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि और यात्रा सीजन के दौरान निरीक्षण तथा नमूना संग्रहण अभियान लगातार जारी रहेगा।
