खतौली/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। श्री कुंद-कुंद जैन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खतौली में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महाविद्यालय परिसर, कक्षाओं और आसपास के सार्वजनिक क्षेत्रों में श्रमदान कर सफाई की। स्वयंसेवकों ने पॉलीथिन और प्लास्टिक कचरे का निस्तारण करने के साथ लोगों को अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
स्वच्छता अभियान में स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर नीतू वशिष्ठ ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर परिसर में आयोजित विश्वविद्यालय स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में महाविद्यालय के चार विद्यार्थियों इरम, समद, तनु और अनुष्का ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जनपदों के करीब 150 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने विकसित भारत की विभिन्न योजनाओं पर अपने विचार रखे।
भाषण प्रतियोगिता में इरम प्रथम और तनु द्वितीय
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
महाविद्यालय की छात्रा इरम ने प्रथम और तनु ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों के वापस लौटने पर प्राचार्या नीतू वशिष्ठ सहित महाविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने विजेता छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।
