लोनी में अवैध कॉलोनी पर गरजा जीडीए का बुलडोजर: विरोध के बीच 250 प्लॉटों की बाउंड्रीवाल, साइट ऑफिस और सड़कें जमींदोज

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
GDA bulldozer razes illegal colony in Loni: Amid protests, boundary walls of 250 plots, site office and roads demolished. IMAGE CREDIT TO प्राधिकरण

आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)।

लोनी क्षेत्र में अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए काटी जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने बड़ा प्रहार किया है। मंगलवार को जीडीए के प्रवर्तन जोन-08 की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ ग्राम नवादा में अवैध रूप से बसाई जा रही एक बड़ी कॉलोनी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों और कॉलोनाइजरों ने जमकर विरोध किया और हंगामा काटने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल ने उपद्रवियों को खदेड़ते हुए कार्रवाई जारी रखी।

250 भूखंडों का इंफ्रास्ट्रक्चर तहस-नहस

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

जीडीए अधिकारियों के अनुसार, नवादा क्षेत्र के खसरा संख्या-373, 374 और 377 की जमीन पर सोनू (पुत्र मो. अली) और साजिद (पुत्र यामीन) द्वारा उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के बुलडोजर ने करीब 200 से 250 भूखंडों की पक्की बाउंड्रीवाल, कॉलोनाइजर का साइट ऑफिस, खड़े किए गए बिजली के खंभे, नई बनी सड़कें और सीवर लाइन को पूरी तरह मलबे में तब्दील कर दिया।

हंगामे के बावजूद पीछे नहीं हटी टीम

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

जैसे ही पीले पंजे ने निर्माण तोड़ना शुरू किया, निर्माणकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने टीम को रोकने का भरसक प्रयास किया। माहौल गर्माते ही प्राधिकरण के पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित कर कानून-व्यवस्था बनाए रखी। मौके पर जोन-08 का समस्त प्रवर्तन स्टाफ और भारी पुलिस दस्ता मौजूद रहा।

प्राधिकरण ने दो टूक चेतावनी दी है कि किसी भी सूरत में अवैध प्लॉटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में लोनी समेत पूरे जिले में अवैध कॉलोनियों के ध्वस्तीकरण और सीलिंग का अभियान और तेज रफ्तार से जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a comment