मेरठ (शिखर समाचार)। मेरठ रेंज में अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में मेरठ परिक्षेत्र के चारों जनपदों की पुलिस द्वारा प्रभावी सूचना संकलन, सतत निगरानी और सक्रिय पुलिसिंग के माध्यम से इनामी तथा वांछित अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
वर्ष 2026 में 194 इनामी अपराधी गिरफ्तार
उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से मेरठ परिक्षेत्र पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक कुल 194 इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। गिरफ्तार किए गए इनामियों में 50 हजार रुपये के 19, 25 हजार रुपये के 120, 20 हजार रुपये के 17, 15 हजार रुपये के 10, 10 हजार रुपये के 27 तथा 5 हजार रुपये का एक इनामी अभियुक्त शामिल है।
जनपदवार कार्रवाई में मेरठ और बुलंदशहर आगे
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
मेरठ जनपद में कुल 77 इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 50 हजार रुपये के 3, 25 हजार रुपये के 71 तथा अन्य श्रेणी के 3 इनामी शामिल हैं।
बुलंदशहर जनपद में कुल 76 इनामी अभियुक्त गिरफ्तार किए गए। इनमें 50 हजार रुपये के 11, 25 हजार रुपये के 25, 20 हजार रुपये के 4, 15 हजार रुपये के 9 तथा 10 हजार रुपये के 27 इनामी शामिल हैं।
बागपत जनपद में कुल 26 इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई। इनमें 50 हजार रुपये के 3 तथा 25 हजार रुपये के 23 इनामी शामिल हैं।
हापुड़ जनपद में कुल 15 इनामी अभियुक्त गिरफ्तार किए गए। इनमें 50 हजार रुपये के 2, 25 हजार रुपये का 1 तथा 20 हजार रुपये के 12 इनामी अभियुक्त शामिल हैं।
फरार इनामियों की सूचना देने की अपील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
डीआईजी मेरठ रेंज ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जो इनामी अपराधी अभी भी फरार हैं, उनके संबंध में कोई भी सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने सभी जनपद प्रभारियों को निर्देश दिए कि कुख्यात अपराधियों पर घोषित इनाम की राशि बढ़ाने की कार्रवाई करें तथा रेंज के सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक शेष फरार इनामियों की गिरफ्तारी की प्रगति की प्रत्येक सप्ताह स्वयं समीक्षा करें।
उन्होंने कहा कि मेरठ रेंज पुलिस अपराध और अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्ती से अभियान जारी रखेगी तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
