मोदीनगर (शिखर समाचार)।
निवाड़ी थाना क्षेत्र में गंग नहर पटरी मार्ग पर मंगलवार देर रात श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप और ट्रक के बीच हुई भीषण भिड़ंत में तीन श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक का पीछा कर चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे थे श्रद्धालु
पुलिस के अनुसार राजस्थान के खैरथल जिले के तिजारा थाना क्षेत्र के माजरी गुर्जर गांव निवासी महिपाल सिंह ने 5 जुलाई को नई पिकअप खरीदी थी। मंगलवार को वह अपने परिवार और पड़ोसियों के साथ हरिद्वार में गंगा स्नान तथा वाहन पूजन के लिए जा रहे थे।
पिकअप में पांच महिलाओं सहित कुल 16 श्रद्धालु सवार थे। देर रात जब वाहन आबूपुर सोनिया विहार रेगुलेटर के पास गंग नहर पटरी मार्ग पर पहुंचा, तभी सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक पिकअप को काफी दूर तक घसीटता ले गया और उसमें बैठे लोग सड़क पर जा गिरे।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, चालक-परिचालक हिरासत में
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंकित कुमार चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को मोदीनगर तथा मुरादनगर के अस्पतालों में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने 22 वर्षीय रमेश, 23 वर्षीय रतन तथा 35 वर्षीय सरजीत को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल रोहतास को दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेजा गया है। अन्य घायलों में अनिल, हर्षित, राजेश, जतिन, बबीता, आशा देवी, शांति और निशिका सहित कई श्रद्धालु शामिल हैं, जिन्हें उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
महिपाल सिंह ने बताया कि सड़क संकरी होने के कारण उन्होंने ट्रक चालक को हेडलाइट के माध्यम से वाहन धीमा करने का संकेत दिया था, लेकिन उसने गति कम नहीं की, जिससे यह भीषण दुर्घटना हो गई।

सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने बताया कि ट्रक चालक छोटू लाल और परिचालक पिंटू, दोनों निवासी शाहपुरा, भीलवाड़ा (राजस्थान), को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।
