गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में स्थित एक निर्माणाधीन मॉल परिसर में शनिवार को एक बच्ची का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
निर्माणाधीन मॉल में मिला बच्ची का शव, जांच में जुटी पुलिस
निर्माणाधीन मॉल परिसर में काम कर रहे कुछ श्रमिकों ने एक बच्ची का शव पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
प्रारंभिक जांच में बच्ची की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया गया। बच्ची की उम्र लगभग 7 वर्ष बताई जा रही है।
मजदूर परिवार की बच्ची थी, 10 जुलाई से थी लापता
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस ने बच्ची के शव की सूचना उसके परिजनों को दी। जांच में पता चला कि बच्ची के माता-पिता भी मजदूरी करते हैं और वह बीती 10 जुलाई 2026 की शाम से बच्ची की तलाश कर रहे थे। पुलिस को सूचना मिली कि निर्माणाधीन मॉल में एक बच्ची का शव पड़ा हुआ है, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे क्राइम स्पेस को घेराबंदी कर सुरक्षित कर दिया गया, ताकि जांच प्रभावित न हो।
घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कार्यवाहक एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि बच्ची के शव की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में बच्ची के शव पर चोट के निशान मिले हैं। पूरे प्रकरण का खुलासा करने के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बच्ची की मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
