गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना साहिबाबाद पुलिस ने चेकिंग के दौरान दोपहिया वाहन चोरी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि साहिबाबाद निवासी सूरज प्रधान ने 19 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 मई 2026 को अर्थला मेट्रो स्टेशन के पास स्थित वृंदावन गार्डन क्षेत्र से उनकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर थाना साहिबाबाद में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान 18/19 जुलाई की रात थाना साहिबाबाद पुलिस टीम संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मेट्रो पिलर संख्या 109 और 110 के बीच गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को रोककर जांच की। जांच में उनके पास मौजूद दोनों मोटरसाइकिल चोरी की पाई गईं। इनमें से एक मोटरसाइकिल दर्ज मुकदमे से संबंधित निकली।
दिल्ली-एनसीआर में देते थे वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमीज और शमशाद के रूप में हुई है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे आपस में दोस्त हैं और मिलकर मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने बताया कि बरामद मोटरसाइकिलों में से एक को 7 मई 2026 को मोहननगर स्थित वृंदावन ग्रीन्स बैंक्वेट हॉल के पास से और दूसरी को 2 जून 2026 को दिल्ली के खिचड़ीपुर क्षेत्र से चोरी किया था।
आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में जुटी पुलिस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस के अनुसार चोरी की गई मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में अन्य वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने और आने-जाने के लिए करते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पहले भी चोरी और वाहन चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उनके अन्य आपराधिक मामलों, संभावित साथियों और गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
