शामली (शिखर समाचार)। शहर के सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया।
विधायक प्रसन्न चौधरी ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता पर दिया जोर
मुख्य अतिथि विधायक प्रसन्न चौधरी ने कहा कि देश की असली ताकत उसकी एकता और अखंडता में निहित है। सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया, जिसे सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना की। साथ ही विद्यालय में बालिकाओं को दी जा रही शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों की भी प्रशंसा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता चेयरमैन अरविंद संगल ने की। विशिष्ट अतिथि दीपशिखा, रुचिर और प्रीति गर्ग ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
पोस्टर प्रतियोगिता में शगुन ने प्राप्त किया प्रथम स्थान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इस अवसर पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा दस की छात्रा शगुन ने प्रथम, सृष्टि पांचाल ने द्वितीय और अनिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अतिथियों ने विजेता छात्राओं की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया और आगे भी रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन में विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
