हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए धार्मिक संस्थाओं और आमजन की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। इसी क्रम में शनिवार को मिश्री मठ की ओर से गंगा सेवा कार्यक्रम के तहत हरकी पैड़ी क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर गंगा घाटों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। इस दौरान मेला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी आमजन के साथ मिलकर श्रमदान किया।
मेलाधिकारी सोनिका के नेतृत्व में मेला प्रशासन की टीम अभियान में शामिल हुई। मेलाधिकारी स्वयं सफाई कार्य में जुटीं और मिश्री मठ के अनुयायियों के साथ मिलकर घाटों की सफाई की। अधिकारियों और कर्मचारियों ने एकत्रित कूड़े-कचरे को निर्धारित स्थानों तक पहुंचाने तथा उसके सुरक्षित निस्तारण में सहयोग किया। प्रशासनिक अधिकारियों को आम लोगों के साथ मिलकर सफाई करते देख अभियान में जनभागीदारी का उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती और उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित मेला प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
संतों से मुलाकात कर मेलाधिकारी ने जताया आभार
इस अवसर पर मेलाधिकारी सोनिका ने नया उदासीन अखाड़ा के अध्यक्ष महंत धूनी दास महाराज तथा मिश्री मठ के मठाधिपति महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज से मुलाकात की। उन्होंने गंगा सेवा और स्वच्छता अभियान के आयोजन तथा इसमें हजारों लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए संतों और मिश्री मठ के अनुयायियों का आभार व्यक्त किया।
कुंभ-2027 से पहले स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि हरिद्वार करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और मां गंगा के घाटों की स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखना सभी का साझा दायित्व है। कुंभ मेला-2027 में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में स्वच्छता को केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी न मानकर जनभागीदारी का विषय बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संत समाज, धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के प्रयासों को नई गति मिलेगी।
