गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी नगर गाजियाबाद की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन तथा शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी नगर ने बैठक में कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि विद्यालयी वाहनों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों एवं संस्थाओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
विद्यालयी वाहनों के सुरक्षा मानकों की हुई समीक्षा
बैठक में विद्यालयी वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, स्पीड गवर्नर तथा वाहन चालकों एवं परिचालकों के पुलिस सत्यापन की स्थिति की समीक्षा की गई।
समिति ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालय निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करें।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
विनीत कुमार मिश्र, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन गाजियाबाद ने अवगत कराया कि जनपद में संचालित विद्यालयी वाहनों का नियमित रूप से निरीक्षण किया जा रहा है तथा नियमों के उल्लंघन के मामलों में प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस, शिक्षा एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, वाहन चालकों को नियमित प्रशिक्षण देने तथा विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
बैठक में समिति ने सभी विद्यालय संचालकों से अपील की कि वह विद्यालयी वाहनों के संचालन में निर्धारित मानकों का पूर्ण पालन करें तथा विद्यार्थियों के सुरक्षित एवं सुगम परिवहन को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
उक्त बैठक में विनीत कुमार मिश्र एआरटीओ प्रवर्तन, अंकिता शुक्ला एआरटीओ प्रवर्तन, राजेश्वर कुशवाहा, आशुतोष उपाध्याय, जीत बहादुर सिंह, यात्रीकर अधिकारी, ओपी यादव बेसिक शिक्षा अधिकारी, सतीश कुमार पाण्डेय सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक, राजकुमार भारद्वार ट्रैफिक इन्सपेक्टर, राजेन्द्र सिंह सहायक अभियन्ता नगर निगम आदि सहित विभिन्न विद्यालयों के संचालक उपस्थित रहे।
