ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। प्राधिकरण की ओर से 25 कंपनियों को आशय पत्र जारी किए गए हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से करीब 3155 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश प्रस्तावित है, जबकि 95 एकड़ भूमि पर उद्योग स्थापित होने से 9000 से अधिक युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालिका अधिकारी मनीष मीणा के अनुसार, विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों और पार्कों में कंपनियों को स्थान उपलब्ध कराकर क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को विस्तार देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
सेक्टर-8डी और सेक्टर-29 में कई कंपनियों को मिली जगह
प्रस्तावित निवेश के तहत सेक्टर-8डी में सामान्य उद्योगों के लिए 11 कंपनियों को स्थान दिया गया है। सेक्टर-29 में वस्त्र, हस्तशिल्प और सामान्य उद्योग से जुड़ी आठ कंपनियों को आशय पत्र जारी किए गए हैं। इनमें तीन वस्त्र उद्योग, एक हस्तशिल्प और चार सामान्य उद्योग से संबंधित हैं। सेक्टर-28 के चिकित्सा उपकरण पार्क में एक कंपनी को मंजूरी दी गई है। सेक्टर-24 के मिश्रित भू-उपयोग क्षेत्र में तीन कंपनियों को उद्योग स्थापित करने की स्वीकृति मिली है, जबकि प्रस्तावित औषधि पार्क सेक्टर-6 में दो कंपनियों को शामिल किया गया है।
9000 से अधिक रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक ढांचे को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद है। बड़े निवेश के साथ रोजगार के अवसर बढ़ने से क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।
