हरिद्वार (शिखर समाचार)। जनपद में तीन राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के आगमन के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने पुलिस क्षेत्राधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जनपद में दो नए पुलिस सर्किल बढ़ाए गए हैं। नई व्यवस्था के तहत विभिन्न क्षेत्राधिकारियों को अलग-अलग थानों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई व्यवस्था के अनुसार सर्किल बहादराबाद की जिम्मेदारी सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी देवव्रत जोशी को दी गई है। उनके अधीन कोतवाली बहादराबाद और कोतवाली कलियर रहेंगी। सर्किल नगर में क्षेत्राधिकारी शिशुपाल नेगी को तैनात किया गया है, जिनके अधीन कोतवाली नगर और कोतवाली श्यामपुर होंगी। सर्किल ज्वालापुर की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी संजय चौहान को दी गई है, जिनके अधीन कोतवाली ज्वालापुर और कोतवाली पथरी रहेंगी।
नौ सर्किलों में क्षेत्राधिकारियों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारी
सर्किल सदर में क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र बलूनी को तैनात किया गया है। उनके अधीन कोतवाली सिडकुल और पुलिस लाइन की जिम्मेदारी होगी। सर्किल रुड़की में क्षेत्राधिकारी ओशिन जोशी को कोतवाली रुड़की और कोतवाली गंगनहर का दायित्व सौंपा गया है। सर्किल मंगलौर में क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी को कोतवाली मंगलौर और कोतवाली झबरेड़ा की जिम्मेदारी दी गई है।
क्षेत्रवार पुलिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सर्किल लक्सर में क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी को कोतवाली लक्सर और कोतवाली खानपुर तथा सर्किल भगवानपुर में क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे को कोतवाली भगवानपुर और थाना बुग्गावाला की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सर्किल रानीपुर में क्षेत्राधिकारी दक्ष शोखंद को कोतवाली रानीपुर और कोतवाली कनखल का दायित्व सौंपा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के इस फेरबदल का उद्देश्य क्षेत्रवार पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाना माना जा रहा है।
