ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)।
जिलाधिकारी मेघा रूपम की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड, सीएमआईएस पोर्टल तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए अधिकारियों को जनपद की रैंकिंग में सुधार के लिए जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी मेघा रूपम ने स्पष्ट कहा कि सीएम डैशबोर्ड और सीएमआईएस पोर्टल पर किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक विभागाध्यक्ष अपने विभाग की प्रगति के लिए व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होगा तथा निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करेगा।
लापरवाही पर तय होगी विभागों की जवाबदेही
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी को निर्देश दिए कि जिन विभागों की प्रगति निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नहीं है, उनकी जवाबदेही तय की जाए। साथ ही सभी अधिकारियों को प्रतिदिन अपने विभाग के सूचकांकों की समीक्षा कर लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि केवल पोर्टल पर आंकड़े अपलोड करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी कार्य समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने तथा नियमित स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए।
जीरो पॉवर्टी अभियान, ई-कार्यालय प्रणाली, फैमिली आईडी और आधार सीडिंग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, परियोजना निदेशक (डीआरडीए) नेहा सिंह तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
