हापुड़ (शिखर समाचार)।
जनपद के प्रभारी मंत्री के.पी. मलिक ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि जनपद में संचालित सभी विकास कार्यों की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और प्रत्येक कार्य की जानकारी संबंधित जनप्रतिनिधियों को समय पर उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की भी विस्तार से समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
जल, स्वास्थ्य और जनकल्याण योजनाओं को लेकर दिए निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्रभारी मंत्री ने जल निगम अधिकारियों को पेयजल योजनाओं का जनप्रतिनिधियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कराने, क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा जल जीवन मिशन के पूर्ण कार्यों का पुनः सत्यापन करने के निर्देश दिए।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को गौशालाओं में वर्षा से बचाव, हरे चारे, भूसे और स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि केवाईसी और अन्य अभिलेख अद्यतन होने के कारण रुकी वृद्धावस्था पेंशन का भुगतान अगस्त माह से पुनः शुरू होने की संभावना है।
प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता बनाए रखने तथा चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रा मार्गों की व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
बैठक में आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने यात्रा मार्गों, मंदिरों और शिविरों की व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
प्रभारी मंत्री ने कांवड़ मार्गों के गड्ढों की तत्काल मरम्मत, जलभराव की समस्या के समाधान, विद्युत पोलों की सुरक्षित टेपिंग तथा मार्गों पर पेड़ों की समयबद्ध छंटाई कराने के निर्देश दिए।
नगर निकायों को नियमित सफाई, कूड़ा संग्रहण और नालों की सफाई सुनिश्चित करने के साथ विद्युत विभाग को समयबद्ध ढंग से शिकायतों का निस्तारण तथा ट्रॉली ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
