——-बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाई जा रही दुकानों और व्यावसायिक निर्माणों पर चला प्राधिकरण का डंडा
देहरादून (शिखर समाचार)। राजधानी देहरादून में अवैध निर्माणों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को सात अलग-अलग स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाई जा रही दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य निर्माणाधीन संरचनाओं को सील कर निर्माण गतिविधियों पर रोक लगा दी। इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया। प्राधिकरण का कहना है कि शहर में सुनियोजित विकास और निर्माण नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
सात अलग-अलग स्थानों पर अवैध निर्माण सील
अभियान के तहत विद्यासागर मार्ग पर गैस गोदाम के निकट संजीव फरासी द्वारा किए जा रहे अनधिकृत निर्माण को सील किया गया। वहीं सुंदरवाला स्थित विज्ञान विहार कॉलोनी, खलंगा में छमी द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाई जा रही छह दुकानों पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। संयुक्त सचिव के आदेश पर पत्र संख्या 2854/प्रकरण संख्या C-0309/S-6/2026 दिनांक 24 अक्टूबर 2026 के अनुपालन में की गई इस कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को सील किया। इसी प्रकार रायपुर रोड पर शाह जनरल स्टोर के निकट ऋषभ भंडारी द्वारा निर्मित अवैध व्यावसायिक दुकानों को भी सील किया गया। खलंगा क्षेत्र में अभय प्रताप सिंह द्वारा किए जा रहे अनधिकृत निर्माण पर भी प्राधिकरण ने कार्रवाई की।
इसके अतिरिक्त देहराखास स्थित दून मेडिकल रोड पर अजय शर्मा और सौरभ जैन द्वारा किए जा रहे निर्माण को सील किया गया। अस्थल रोड पर एचआईटी कॉलेज के सामने थेवा माल देवता रोड क्षेत्र में कपिल और पुलकित द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। वहीं सहस्रधारा रोड पर विक्रम द्वारा किए जा रहे अनधिकृत निर्माण को भी सील कर दिया गया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किसी भी प्रकार का निर्माण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
विज्ञान विहार कॉलोनी, सुंदरवाला खलंगा में की गई सीलिंग की कार्रवाई के दौरान अधिशासी अभियंता सुनील कुमार गुप्ता, अवर अभियंता अमित भारद्वाज, हर्षित मैठाणी, नैन्सी शर्मा और दीपक नौटियाल के साथ सुपरवाइजर नितिन नायक एवं लीलाधर जोशी मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने संयुक्त सचिव के आदेश के अनुपालन में मौके पर कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान के दौरान क्षेत्रीय अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और पुलिस बल भी विभिन्न स्थलों पर मौजूद रहा। एमडीडीए अधिकारियों के अनुसार, बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण होने से शहर की नियोजन व्यवस्था प्रभावित होती है। इसके कारण भविष्य में सड़क, पार्किंग, यातायात और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। इसी को देखते हुए प्राधिकरण द्वारा नियमित निरीक्षण और शिकायतों के आधार पर अनधिकृत निर्माणों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। भवन निर्माण से संबंधित निर्धारित नियमों और मानकों का पालन कराना आवश्यक है। बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण करना नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में प्राधिकरण नियमानुसार सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने आम नागरिकों और भवन निर्माताओं से अपील की कि किसी भी प्रकार का निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक मानचित्र स्वीकृत कराएं। अवैध निर्माणों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ नियमित निगरानी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान जहां भी बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण पाया जाएगा, वहां सीलिंग सहित नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में छूट नहीं दी जाएगी।
