शामली (शिखर समाचार): डॉ. रोहित राणा को मिलेगा उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी सम्मानित
21 जुलाई को दीक्षांत समारोह में मिलेगा सम्मान
शामली। शहर के आरके स्नातकोत्तर महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. रोहित राणा का चयन मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर द्वारा वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार के लिए किया गया है। उन्हें यह सम्मान 21 जुलाई को विश्वविद्यालय के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल द्वारा प्रदान किया जाएगा। डॉ. रोहित राणा के चयन से महाविद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और जनपद के शिक्षाविदों में खुशी का माहौल है।
शोध, नवाचार और शिक्षण उत्कृष्टता के आधार पर हुआ चयन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
विश्वविद्यालय का चतुर्थ दीक्षांत समारोह सहारनपुर स्थित सेठ गंगाप्रसाद सभागार, गांधी पार्क में आयोजित होगा। कुलसचिव कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार के लिए गठित समिति ने विभिन्न आवेदनों का निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया। चयन में प्रकाशित शोधपत्र, पुस्तक लेखन, शोध कार्य, पेटेंट, नवाचार, शिक्षण उत्कृष्टता, शैक्षणिक उपलब्धियां, विद्यार्थियों का मार्गदर्शन और समाजोपयोगी गतिविधियों को प्रमुख आधार बनाया गया। समिति की संस्तुति और विश्वविद्यालय कार्य परिषद की स्वीकृति के बाद डॉ. रोहित राणा का चयन किया गया।
महाविद्यालय परिवार ने जताई खुशी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
डॉ. रोहित राणा ने अपने अध्यापन कार्यकाल में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ अनुसंधान, नवाचार और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय योगदान दिया है। उनके कई शोधपत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके नवाचारी प्रयासों की भी सराहना की जाती रही है।
उनके चयन की सूचना मिलते ही आरके स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उत्साह का वातावरण बन गया। प्राचार्य, प्राध्यापकगण, कर्मचारी और विद्यार्थियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इस उपलब्धि को संस्थान के लिए गौरवपूर्ण बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
