गाजियाबाद (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई कर विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। इस दौरान भूमि एवं संपत्ति पर अवैध कब्जे, राजस्व विवाद, भूमि संबंधी धोखाधड़ी, अतिक्रमण, पेंशन, राशन कार्ड, जलापूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि किसी भी समस्या के समाधान में कठिनाई होने पर संबंधित उच्च अधिकारी से संपर्क करें और शिकायत का उचित निस्तारण न होने पर जनसुनवाई में उनसे मिलें।
त्वरित निस्तारण से जनता को राहत और खुशी
जनसुनवाई में रीना ने मकान पर कब्जा मिलने की खुशी में जिलाधिकारी का आभार जताते हुए उपस्थित लोगों को काजू कतली खिलाई। वहीं सुरक्षा गार्ड जयपाल ने बताया कि चार माह तक काम करने के बाद कंपनी ने उसकी मजदूरी नहीं दी थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर कुछ ही दिनों में उसे पूरी मजदूरी मिल गई।
जरूरतमंदों को मिला मदद का भरोसा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मोदीनगर निवासी वृद्ध धर्मवीर ने भी अपनी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने उनकी पारिवारिक स्थिति जानकर बेटी के विवाह के लिए सरकारी योजना का लाभ दिलाने और उनके अध्ययनरत बेटे को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहयोग का आश्वासन दिया। इस पर वृद्ध की आंखों में आंसू आ गए और उन्होंने जिलाधिकारी का आभार जताया।
जनसुनवाई में एडीएम ई ज्योति मौर्या, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
