ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। जिम्स इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट एवं तकनीकी परिसर, ग्रेटर नोएडा के विधि विभाग की ओर से बुधवार को स्वास्थ्य जागरूकता एवं निःशुल्क जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर आयुष मंत्रालय के तत्वावधान में बैक्सन होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, ग्रेटर नोएडा के सहयोग से लगाया गया। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर का उद्देश्य परिसर के सदस्यों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था। शिविर के दौरान निःशुल्क होम्योपैथिक उपचार, सामान्य स्वास्थ्य जांच, आहार एवं पोषण संबंधी परामर्श, मनोवैज्ञानिक परामर्श तथा आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। इसके अलावा योग और स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित जानकारी देकर नियमित स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।
विशेषज्ञों की टीम और छात्रों-कर्मचारियों की सहभागिता
बैक्सन अस्पताल की ओर से 10 विशेषज्ञों की टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। टीम में चिकित्सकों के साथ आहार विशेषज्ञ और योग प्रशिक्षक भी शामिल रहे। लॉ, बीबीए, बीकॉम और बीटेक के विद्यार्थियों के अलावा शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने भी शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञों से परामर्श लिया।
गणमान्य अतिथियों द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्यक्रम का उद्घाटन जिम्स के निदेशक डॉ. सचिन यादव और विधि विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. पल्लवी गुप्ता ने किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए आवश्यक बताते हुए ऐसे आयोजनों की उपयोगिता पर जोर दिया। शिविर के सफल आयोजन में प्रशांत पांडे, गौरव साहा और मुदित रोहिल्ला का विशेष योगदान रहा।
