गाजियाबाद (शिखर समाचार)। आईएमएस गाजियाबाद (यूनिवर्सिटी कोर्सेज कैंपस) के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा विद्यार्थियों को आधुनिक मीडिया तकनीकों से जोड़ने तथा उन्हें उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित अत्याधुनिक हाई-टेक मीडिया स्टूडियो का उद्घाटन 13 जून 2026 को किया जाएगा।
संस्थान द्वारा तैयार किया गया यह आधुनिक मीडिया स्टूडियो नवीनतम तकनीकों और उन्नत उपकरणों से सुसज्जित है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को मीडिया उद्योग की वास्तविक कार्यशैली से परिचित कराना, उनके तकनीकी कौशल को विकसित करना तथा उन्हें रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मीडिया स्टूडियो
स्टूडियो में पॉडकास्ट सेटअप, प्रोफेशनल टेलीविजन स्टूडियो, क्रोमा स्टूडियो, रेडियो प्रोडक्शन सेटअप और प्रिंट मीडिया प्रोडक्शन लैब जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। संस्थान का मानना है कि यह स्टूडियो विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान, रचनात्मक क्षमता और पेशेवर दक्षता को नई दिशा प्रदान करेगा।
13 जून को होगा भव्य उद्घाटन समारोह
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
13 जून को प्रातः 11 बजे आयोजित होने वाले उद्घाटन समारोह में देश की मीडिया और मनोरंजन जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी। समारोह में प्रसिद्ध समाचार एंकर सईद अंसारी, श्रीवर्धन त्रिवेदी, अखिलेश शर्मा, आरजे मिशा तथा डिजिटल इन्फ्लुएंसर शिखर चौधरी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। अतिथियों द्वारा हाई-टेक मीडिया स्टूडियो का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा।
विद्यार्थियों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पहल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
संस्थान की निदेशक प्रो. (डॉ.) जसकिरण कौर ने मीडिया संस्थानों एवं पत्रकारों से समारोह में सहभागिता एवं समाचार कवरेज का आग्रह करते हुए कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को मीडिया जगत की आधुनिक चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
