आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ छेड़े गए अपने अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने लोनी क्षेत्र में 20,000 वर्ग मीटर के विशाल क्षेत्रफल में अवैध रूप से विकसित की जा रही एक कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया।
क्या है मामला?
प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी के नेतृत्व में प्रवर्तन जोन-8 की टीम ने गुरुवार को मीरपुर हिंदू, नवादा (सैनिक विहार कॉलोनी) में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, इस अवैध कॉलोनी को सलमान और मोहसिन द्वारा विकसित किया जा रहा था। उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 के नियमों का उल्लंघन करते हुए काटी जा रही इस अवैध कॉलोनी के खिलाफ जीडीए ने सख्ती दिखाई है।
बाउंड्री वॉल और सड़कों को किया ध्वस्त
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से वहां पहले से बनी 60 से 70 भूखंडों की बाउंड्री वॉल और कॉलोनी में बनाई गई कच्ची सड़कों को मलबे में तब्दील कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना नक्शा पास कराए और बिना अनुमति के किए जा रहे ऐसे किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।
विरोध के बावजूद जारी रही कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
ध्वस्तीकरण के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय निर्माणकर्ताओं और लोगों ने भारी विरोध किया, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, मौके पर मौजूद प्राधिकरण के पुलिस दस्ते और क्षेत्रीय पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया और भारी विरोध के बावजूद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को पूरा किया।
इस अवसर पर प्रवर्तन जोन-8 का समस्त स्टाफ और सुरक्षा बल मौजूद रहा। जीडीए की इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है।
