दिवाली से पहले रोशनी से जगमगाएंगे ग्रेटर नोएडा के प्रवेश द्वार और गोलचक्कर

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Greater Noida’s Entry Gates and Roundabouts to Glow with Lights Ahead of Diwali IMAGE CREDIT TO प्राधिकरण

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। दिवाली पर ग्रेटर नोएडा को रोशनी से जगमगाने के लिए प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के सभी प्रवेश द्वारों और गोलचक्करों पर प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाई जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न गांवों, सेक्टरों और पार्कों में भी स्ट्रीट लाइट लगाकर उन्हें चालू करने की तैयारी है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा सिंह ने बुधवार को विद्युत अभियांत्रिकी विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिवाली से पहले सभी निर्धारित कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

दिवाली से पहले गांवों, सेक्टरों और पार्कों में जगमगाएंगी स्ट्रीट लाइटें

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

बैठक में प्रेरणा सिंह ने बादलपुर और अस्तौली में निर्माणाधीन 33 केवी बिजलीघरों की प्रगति की समीक्षा की। दोनों बिजलीघरों के निर्माण की निर्धारित समयसीमा में अभी छह महीने शेष हैं। इसके बावजूद उन्होंने कार्यों में तेजी लाकर निर्माण निर्धारित समय से पहले पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

किसानों को आवंटित छह प्रतिशत आबादी भूखंडों में बिजली संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने नवंबर तक सभी कार्य पूरे करने को कहा। खैरपुर, खोदना खुर्द, पतवाड़ी, छोटी मिलक और इटैड़ा सहित कई गांवों में इन भूखंडों पर बिजली संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और निर्धारित समयसीमा का पालन किया जाए।

बिजलीघरों के निर्माण में तेजी और नालों की निविदा प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

तिलपता, कुलेसरा, छपरौला और खोदना खुर्द सहित 17 गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य प्रगति पर है। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने दिवाली से पहले लाइट लगाने के साथ उन्हें चालू कराने पर जोर दिया। इसके अलावा सेक्टर-2, सेक्टर-3 और सेक्टर-12 सहित अन्य सेक्टरों के पार्कों में भी स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए, जिससे लोगों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था मिल सके।

बैठक में नालों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। प्रेरणा सिंह ने प्रस्तावित कार्यों की निविदा प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी कर निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए। बैठक में नाला विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक मनोज कुमार सचान, विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल, अश्विनी चतुर्वेदी, सौरभ भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment