कुंभ-2027 की तैयारियों में तेजी, मेलाधिकारी सोनिका ने कई निर्माण स्थलों का किया निरीक्षण

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Preparations for Kumbh 2027 Gain Momentum: Mela Officer Sonika Inspects Multiple Construction Sites IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला-2027 के आयोजन की तैयारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को मेलाधिकारी सोनिका ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़कों, चौराहों, फुटपाथों, पैदल मार्गों और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे करने और निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में तेजी, सड़कों और फुटपाथों के कार्यों का निरीक्षण

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

मेलाधिकारी ने शंकराचार्य चौक से मालवीय चौक तक सड़क सुधार, चौराहों के विकास, फुटपाथ और सड़क के मध्य विभाजक निर्माण सहित जन-सुविधाओं से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव प्रत्यूष सिंह और लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। मेलाधिकारी ने सड़कों और अन्य स्थानों पर बेतरतीब खड़े तथा क्षतिग्रस्त खंभों को हटाने और यातायात व पैदल आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के निर्देश दिए।

इसके बाद मेलाधिकारी ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के साथ माया देवी मंदिर क्षेत्र से वाल्मीकि चौक होते हुए गुजरांवाला चौक तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सड़क सुधार, स्वच्छता और कुंभ मेले के मद्देनजर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। गुजरांवाला धर्मशाला से शिवमूर्ति चौक तक की आंतरिक गलियों तथा शिवमूर्ति चौक क्षेत्र में चल रहे सड़क सुधार, फुटपाथ निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों को भी देखा। उन्होंने व्यस्त क्षेत्रों में कार्य तेजी से पूरा करने तथा सड़कों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।

पैदल मार्गों को सुरक्षित बनाने और निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/’

मेलाधिकारी ने भगत सिंह चौक और बिल्केश्वर क्षेत्र से मनसा देवी मार्ग तक फुटपाथ निर्माण तथा मनसा देवी पैदल मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पैदल मार्ग सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाए जाने चाहिए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर बहुस्तरीय निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने तथा रात्रिकालीन पाली में भी काम कराने की स्थिति की नियमित समीक्षा करने को कहा। निरीक्षण रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग और परियोजना कार्यान्वयन इकाई के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने खड़खड़ी क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल तथा पुराने दिल्ली-नीति पास मार्ग पर सड़क सुधार और फुटपाथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को कुंभ मेला-2027 से जुड़े सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

Share This Article
Leave a comment