हापुड़ (शिखर समाचार)। मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के तहत बुधवार को एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जब कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्रा निधि को एक दिन के लिए हापुड़ का जिलाधिकारी (डीएम) बनाया गया। पदभार संभालते ही उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई की और आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
मिशन शक्ति के तहत छात्रा निधि बनीं एक दिन की जिलाधिकारी
एक दिन की डीएम बनीं निधि ने विशेष तौर पर महिलाओं और बालिकाओं से जुड़ी शिकायतों व समस्याओं को सुना और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने जिले में मिशन शक्ति के तहत चल रहे महिला सुरक्षा, सम्मान और जागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर किया सम्मानित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी कविता मीना ने इस अवसर पर कहा कि आज हमारी बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। कस्तूरबा विद्यालय की ये मेधावी बालिकाएं अपनी मेहनत और लगन से आत्मनिर्भर बनकर देश का भविष्य संवारेंगी। निधि जैसी प्रतिभावान बेटियां पूरे जनपद का नाम रोशन कर रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने छात्रा निधि को प्रशस्ति पत्र और उपहार भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
