हापुड़ (शिखर समाचार)।
भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा गुरुवार को हापुड़ में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली गई। राधे-राधे, बोल हरि बोल और हरे राधा-हरे राधा जैसे भक्तिमय भजनों के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने नंगे पैर भगवान जगन्नाथ का रथ खींचकर नगर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर जयघोष गूंजता रहा और भगवान जगन्नाथ का सुसज्जित रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रशासन ने ड्रोन के माध्यम से पूरे रूट पर निगरानी रखी।
गुरुवार सुबह करीब नौ बजे पुराना बाजार स्थित शिव मंदिर से रथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। सुसज्जित रथ पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र, सुभद्रा के साथ राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां विराजमान थीं। बूंदाबांदी के बीच महिला, पुरुष और बच्चे हाथों से रथ खींचते हुए भजन-कीर्तन करते आगे बढ़ते रहे। रथ खींचने के लिए श्रद्धालुओं में इतना उत्साह था कि उन्हें अपनी बारी का लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
रथ यात्रा पुराना बाजार, सर्राफा बाजार, मेरठ गेट पुलिस चौकी, चंडी रोड और चंडी मंदिर होते हुए पक्का बाग स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग पर जगह-जगह भजन, संकीर्तन और धार्मिक संगीत की व्यवस्था की गई थी, जिससे नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। दोपहर में यात्रा लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंची, जहां भगवान के विश्राम की व्यवस्था की गई।
श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे व्यापारी
रथ यात्रा मार्ग पर व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह प्याऊ लगाए। भीषण गर्मी के बीच शर्बत, ठंडा पेय और शीतल जल वितरित कर सेवा की गई, जिससे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली।
फल, बिस्कुट और मिश्री का हुआ वितरण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को कई व्यापारियों ने केले, आम, बिस्कुट के पैकेट और मिश्री वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया।
पुष्पवर्षा और जलवर्षा से हुआ स्वागत
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
रथ यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और व्यापारियों ने भगवान के रथ एवं श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की। गर्मी से राहत देने के लिए जलवर्षा भी की गई, जिससे पूरा मार्ग फूलों की खुशबू और भक्ति के रंग में रंग गया।
26 वर्षों से निकल रही है रथ यात्रा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
आयोजकों और श्रद्धालुओं के अनुसार हापुड़ में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा पिछले 26 वर्षों से लगातार निकाली जा रही है। हर वर्ष इसमें हजारों श्रद्धालु भाग लेते हैं और देश-विदेश से आने वाले भक्त भी इस आस्था के उत्सव का हिस्सा बनते हैं।
