जेवर (शिखर समाचार)। जेवर के मोहल्ला सरायनैन सिंह में रविवार को वार्ड सभासद पराग अग्रवाल के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य एवं फिटनेस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया। शिविर के दौरान लोगों का रक्तचाप, रक्त शर्करा, बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण निःशुल्क किए गए।
निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में लोगों ने उठाया लाभ
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने उपस्थित लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, संतुलित और पौष्टिक आहार लेने, प्रतिदिन व्यायाम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से कई गंभीर बीमारियों का प्रारंभिक अवस्था में ही पता लगाया जा सकता है, जिससे उनका उपचार आसान हो जाता है।
सहयोगियों ने निभाई आयोजन में अहम भूमिका
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
शिविर में पहुंचे नगरवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनस्वास्थ्य के प्रति एक सराहनीय प्रयास बताया। लोगों का कहना था कि ऐसे शिविरों से आमजन को बिना किसी शुल्क के स्वास्थ्य संबंधी जांच और विशेषज्ञों की सलाह मिल जाती है, जिससे स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है। शिविर के सफल आयोजन में उमेश्वर सैनी, सुनील सैनी, जमशेद खान, अनीस खान सहित अन्य सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
