जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश, जागरूकता अभियान चलाने पर जोर

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
The District Magistrate has issued strict instructions regarding road safety and emphasized the need to run an awareness campaign. IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)
जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, हादसों में होने वाली मृत्यु दर कम करने तथा यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सड़क सुरक्षा और प्रवर्तन कार्रवाई पर सख्ती

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग, यातायात पुलिस तथा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों को अवैध स्टैंड, अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हित कर उनमें अल्पकालिक और दीर्घकालिक सुधार कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने, अवैध कट बंद कराने तथा सड़क सुरक्षा संकेतकों को बेहतर बनाने पर भी बल दिया।

उन्होंने कहा कि केवल प्रवर्तन कार्रवाई से दुर्घटनाओं में कमी नहीं आएगी, बल्कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक इकाइयों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा के पालन के प्रति लोगों को प्रेरित करना भी आवश्यक है। साथ ही परिवहन विभाग को शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर सभी विद्यालयों में स्कूल वाहनों की फिटनेस, चालकों की दृष्टि एवं स्वास्थ्य जांच कराने तथा बिना फिटनेस वाले वाहनों को सड़कों पर नहीं उतरने देने के निर्देश भी दिए गए।

हिट एंड रन मामलों की समीक्षा और प्रशासनिक निर्देश

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

बैठक में हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने ईडीएआर पोर्टल पर सभी दुर्घटना संबंधी मामलों की समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को मुआवजा और बीमा दावों का शीघ्र लाभ मिल सके। इसके अलावा प्रमुख सड़कों और यातायात प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर होल्डिंग एरिया चिन्हित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा तथा डीसीपी ट्रैफिक की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, डिप्टी कलेक्टर अभय कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. उदित नारायण पांडेय सहित पुलिस, लोक निर्माण विभाग, प्राधिकरणों एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment