——-जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल की अगुवाई में विकास योजनाओं की तस्वीर बनी आकर्षण का केंद्र
——हरनंदीपुरम बनेगा नए गाजियाबाद की पहचान
ग्रेटर नोएडा/गाजियाबाद (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने अपने प्रदर्शनी स्टॉल के माध्यम से शहर के वर्तमान और प्रस्तावित विकास की तस्वीर देश-विदेश से आए आगंतुकों के सामने रखी। जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल के नेतृत्व में प्रदर्शनी में हरनंदीपुरम आवासीय योजना, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, एयरोसिटी टाउनशिप, हापुड़ चुंगी फ्लाईओवर, थीम पार्क और प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण सहित महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। 25 से 29 सितंबर तक आयोजित मेले में गाजियाबाद के सुनियोजित और आधुनिक विकास की कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
501 हेक्टेयर में आकार लेगी हरनंदीपुरम योजना
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
हरनंदीपुरम आवासीय योजना करीब 501 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित है। इसमें आवासीय सेक्टरों के साथ सड़क, पार्क, हरित क्षेत्र, नागरिक सुविधाएं और बेहतर संपर्क व्यवस्था विकसित करने की योजना है। योजना के प्रथम चरण के करीब 49.62 हेक्टेयर क्षेत्र के ले-आउट को जीडीए बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है।
क्रिकेट स्टेडियम और एयरोसिटी पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
राजनगर एक्सटेंशन में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को भी प्रदर्शनी में प्रमुख स्थान मिला। इसके प्रारंभिक डिजाइन और लागत आकलन के साथ उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ के सहयोग से परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। वहीं हिंडन हवाई अड्डे के आसपास प्रस्तावित एयरोसिटी टाउनशिप को आवासीय, व्यावसायिक और आधुनिक शहरी गतिविधियों के संभावित केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया गया।
फ्लाईओवर और थीम पार्क बदलेंगे शहर का स्वरूप
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-international-airport-to-begin/
हापुड़ चुंगी पर चार लेन फ्लाईओवर और सर्विस अथवा स्लिप रोड की परियोजना भी प्रदर्शनी का आकर्षण रही। इसकी अनुमानित लागत करीब 102.31 करोड़ रुपये बताई गई है। एलिवेटेड रोड पर करीब 90 करोड़ रुपये से दो नई स्लिप रोड विकसित करने की योजना भी प्रदर्शित की गई। इसके अलावा संस्कृति दर्शन पार्क, आनंद वाटिका, विकसित भारत अनुभव पार्क और रामायण आधारित पार्क जैसी योजनाओं के साथ प्रमुख चौराहों के सुधार, हरित क्षेत्र, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण की योजनाओं को भी स्टॉल पर प्रदर्शित किया गया।
