मोदीनगर (शिखर समाचार)।
राष्ट्रमंडल खेलों में भारत की स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू द्वारा स्वर्ण पदक जीतने की खुशी में रविवार को मोदीनगर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और नागरिकों ने मिठाइयां बांटकर तथा एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का स्वागत किया।
मीराबाई चानू की इस सफलता से मोदीनगर का विशेष भावनात्मक जुड़ाव भी है, क्योंकि उनके मुख्य प्रशिक्षक विजय शर्मा लंबे समय से नगर की कैलाश कॉलोनी में निवास करते हैं। उन्होंने यहां एक भारोत्तोलन अकादमी स्थापित की है, जहां अनेक खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाता है।
मीराबाई चानू भी समय-समय पर इस अकादमी में आयोजित प्रशिक्षण शिविरों और प्रतियोगिताओं में भाग लेती रही हैं। विजय शर्मा स्वयं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुके हैं तथा वर्तमान में भारतीय रेल में अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
विजय शर्मा के आवास पर बधाई देने वालों का लगा तांता
मीराबाई चानू के स्वर्ण पदक जीतने की खबर मिलते ही विजय शर्मा के आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने उनके परिवार को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी व्यक्त की और इस उपलब्धि को भारतीय खेल जगत के लिए गौरव का क्षण बताया।
नगर के अन्य स्थानों पर भी भारोत्तोलन से जुड़े खिलाड़ियों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कर इस जीत का जश्न मनाया।
जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई, युवाओं को मिलेगी प्रेरणा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, विधायक डॉ. मंजू सिवाच, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद वैशाली, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामआसरे शर्मा तथा पूर्व विधायक सुदेश शर्मा ने मीराबाई चानू और उनके मुख्य प्रशिक्षक विजय शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि देश के साथ-साथ मोदीनगर के लिए भी गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि मीराबाई चानू की सफलता से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिलेगी और खेलों के प्रति उनका उत्साह और बढ़ेगा।
