हमीरपुर (शिखर समाचार) भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बुधवार देर रात 14 जिलों के लिए नए जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी। लंबे समय से जिले में चल रही प्रतीक्षा खत्म करते हुए पार्टी ने हमीरपुर में पहली बार किसी महिला नेता को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। शकुंतला निषाद को यह अहम दायित्व देकर बीजेपी ने न सिर्फ सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश की है, बल्कि महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने का भी संदेश दिया है।
शकुंतला निषाद की नियुक्ति से पार्टी में उत्साह: समन्वय और जनसंपर्क की मिसाल
पार्टी में वर्षों से सक्रिय और महिला मोर्चा की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रहीं शकुंतला निषाद के चयन को संगठनात्मक समन्वय और जनसंपर्क क्षमता को ध्यान में रखते हुए लिया गया निर्णय माना जा रहा है। उनके नाम की घोषणा होते ही रमेड़ी फुलरानी स्थित उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
गुरुवार सुबह नव नियुक्त जिलाध्यक्ष ने नगर स्थित चौरादेवी मंदिर, सुमेरपुर के इटरा क्षेत्र स्थित बजरंगबली मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आगामी कार्यकाल के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान जगह जगह कार्यकर्ताओं ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
लखनऊ प्रदेश कार्यालय में नई जिम्मेदारी: शकुंतला निषाद की जिले में भव्य वापसी की तैयारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/chief-minister-yogi-inspected-jewar-airport/
जिला मीडिया प्रभारी अरविंद श्रीवास्तव के अनुसार घोषित सूची के बाद शकुंतला निषाद फिलहाल लखनऊ प्रदेश कार्यालय जाएँगी। उनकी जिले में वापसी 29 नवंबर को प्रस्तावित है। उनके आगमन पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत की तैयारियाँ की जा रही हैं।
शकुंतला निषाद की ताजपोशी से भाजपा कार्यकर्ताओं में नए उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। उम्मीद है कि उनका अनुभव और नेतृत्व क्षमता संगठन को नई दिशा प्रदान करेगी।

