गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना कविनगर क्षेत्र के एफ/ई ब्लॉक के मकान नंबर 14 में दिनदहाड़े एक अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपति पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। हमले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई। हमले में नरेंद्र शर्मा और उनकी पत्नी मधु शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि थाना कवि नगर क्षेत्र में बुजुर्ग दंपति पर हमला होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी। घायल दंपति का इलाज इस समय अस्पताल में चल रहा है और वह दोनों खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि उनकी मेड के घर से जाने के बाद एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुसा था और उसने उनसे पूछा कि क्या वह बैंक से रिटायर है। इसके बाद व्यक्ति ने उनसे पीने के लिए पानी मांगा। जब मधु पानी लेने गई तो व्यक्ति ने चाकू से नरेंद्र पर हमला कर दिया। नरेंद्र की आवाज सुनकर जब मधु उन्हें बचाने पहुंची तो उन्हें भी चाकू से घायल कर दिया गया। दोनों को चाकू से घायल कर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घर की छानबीन की तो घर से कोई भी सामान गायब नहीं था। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है।
