बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)।
क्षेत्र के गांव बवाना निवासी 12 वर्षीय अवीश पाल का चयन उत्तर प्रदेश खेल विभाग के आवासीय क्रिकेट छात्रावास के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से परिवार, ग्रामीणों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
कानपुर में आयोजित प्रतियोगिता से मिला चयन का अवसर
उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय द्वारा कानपुर में प्रदेश के विभिन्न मंडलों से आए खिलाड़ियों के बीच पांच दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में विभिन्न मंडलों की टीमों ने हिस्सा लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों को 15 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन शिविर के लिए दोबारा कानपुर बुलाया गया।
फिटनेस और मूल्यांकन के बाद हुआ अंतिम चयन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
अवीश के पिता सुबोध पाल ने बताया कि फिटनेस परीक्षण और मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद जारी अंतिम चयन सूची में सहारनपुर मंडल से उनके पुत्र अवीश पाल का क्रिकेट छात्रावास के लिए चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि अवीश 15 जून को कानपुर में क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर छात्रावास में प्रवेश लेगा, जिसके बाद उसे उच्च स्तरीय क्रिकेट प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
अवीश की इस सफलता से परिजनों और ग्रामवासियों में उत्साह का माहौल है। गांव में छात्र का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर सपा नेता सत्येंद्र पाल, गन्ना समिति निदेशक संजीव पाल, रामप्यारे प्रधान, रविंद्र पाल सहित अनेक लोगों ने अवीश को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
