जेवर (शिखर समाचार)।
यमुना एक्सप्रेस-वे के टोल महाप्रबंधक द्वारा किसान संगठन और किसानों को कथित रूप से “असामाजिक तत्व” कहे जाने के विरोध में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (कृषक शक्ति) के बैनर तले सैकड़ों किसानों ने जेवर तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। किसानों ने नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
टोल महाप्रबंधक के बयान पर किसानों में आक्रोश
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कहा कि जिन किसानों ने अपनी उपजाऊ जमीनें देकर यमुना एक्सप्रेस-वे और जेवर एयरपोर्ट जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को साकार करने में योगदान दिया, उनके सम्मान के साथ इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। किसानों का आरोप है कि टोल महाप्रबंधक का बयान किसान समाज का अपमान है।
कार्रवाई और पद से हटाने की मांग तेज
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
भारतीय किसान यूनियन (कृषक शक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमन ठाकुर ने कहा कि जब तक संबंधित टोल महाप्रबंधक के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की जाती और उसे पद से नहीं हटाया जाता, तब तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों ने विकास के लिए अपनी जमीनें दीं और हमेशा जनहित की परियोजनाओं का समर्थन किया, लेकिन अब उन्हीं किसानों का अपमान किया जा रहा है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष हरिओम सिंह ने कहा कि किसानों के प्रति ऐसी मानसिकता रखने वाले अधिकारियों को संगठन और क्षेत्र का किसान समाज स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
प्रशासन ने जांच और कार्रवाई का दिया आश्वासन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
उपजिलाधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच कर संबंधित टोल महाप्रबंधक के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन में राष्ट्रीय संरक्षक एच.पी. सिंह छौंकर, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव मुकेश गौड़, राष्ट्रीय सलाहकार सुभाष अग्रवाल, राष्ट्रीय सचिव अंसार उस्मानपुर, राष्ट्रीय सह सलाहकार निरंजन गौड़, राष्ट्रीय मुख्य महासचिव रोहतास भाटी, राष्ट्रीय सचिव बंटी भाटी, प्रदेश सचिव रोहतास छौंकर, प्रदेश सचिव रोहित चौधरी, जिला प्रभारी कयामुद्दीन खान, जेवर तहसील अध्यक्ष रिशिपाल दयानतपुर, ब्लॉक अध्यक्ष मनीष अत्री, नगर अध्यक्ष हसीन खान सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
