बिजनौर (शिखर समाचार)। नूरपुर पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी नियुक्ति पत्र और नकली आईडी कार्ड तैयार कराने में शामिल होने का आरोप है।
नौकरी के नाम पर 88 लाख की ठगी का मामला
ग्राम पुरैनी दुर्वेशपुर निवासी आशीष शर्मा पुत्र सुशील शर्मा ने 6 जून 2025 को नूरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि गिरोह के सदस्यों ने सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर पीड़ित समेत कई लोगों से करीब 88 लाख रुपये वसूल लिए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने फर्जी जॉइनिंग लेटर और नकली आईडी कार्ड थमा दिए। जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पीड़ित की तहरीर पर नूरपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 198/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया। मामले में नामजद मुख्य आरोपी भूदेव, उसकी पुत्री गीता चौहान निवासी इस्लामनगर नूरपुर तथा भूपेन्द्र सिंह उर्फ हंसराज निवासी कमाला स्योहारा पहले ही पुलिस दबाव के चलते अदालत में आत्मसमर्पण कर चुके हैं।
पुलिस पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर गिरोह में मुरादाबाद निवासी एक अन्य आरोपी का नाम भी सामने आया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आदित्य कुमार पुत्र स्वर्गीय टेकचन्द उर्फ टिकेन्द्र सिंह निवासी नन्नूवाला थाना ठाकुरद्वारा जनपद मुरादाबाद को डायल 112 और स्थानीय पुलिस की सहायता से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेजा जा रहा है।
