मोदीनगर (शिखर समाचार)। राज चौराहा हापुड़ रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज से प्रभावित दुकानदारों ने शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और प्रशासन से पुनर्वास की मांग उठाई। दुकानदारों का कहना है कि ओवरब्रिज निर्माण के चलते उनकी दुकानें हटाई जाएंगी, जिससे उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।
ओवरब्रिज निर्माण से प्रभावित हुआ व्यापार
बताया गया कि हापुड़ रोड रेलवे फाटक पर इन दिनों रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। इस परियोजना के कारण बड़ी संख्या में दुकानें प्रभावित हो रही हैं। प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों ने कहा कि उनमें से कई लोग पिछले करीब 40 वर्षों से यहां व्यापार कर रहे हैं। अधिकांश दुकानें किराए पर होने के कारण मुआवजा केवल भवन स्वामियों को मिलेगा, जबकि किरायेदार दुकानदारों को कोई राहत नहीं मिलेगी।
पुनर्वास की मांग को लेकर प्रदर्शन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य शुरू होने के समय उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि प्रभावित व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर दूसरी जगह दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी, लेकिन अब इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी मांग को लेकर दुकानदारों ने अजीत कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर वैकल्पिक दुकानें उपलब्ध कराने की मांग की।
उप जिलाधिकारी ने प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों को समस्या के समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। वहीं विनोद वैशाली ने कहा कि पालिका की ओर से किसी भी दुकानदार को दुकान देने का कोई वादा नहीं किया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि दुकान आवंटन होगा तो वह नियमानुसार ही किया जाएगा।
