शामली (शिखर समाचार)। प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल तेज कर दी गई है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पत्रकारों और उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए नया पोर्टल शुरू किया जाएगा। सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय के सभागार में पोर्टल के संचालन को लेकर प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने पोर्टल शुरू करने की सहमति प्रदान की।
पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया समझाई
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य स्वास्थ्य एजेंसी के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली का प्रस्तुतिकरण किया। प्रत्यक्ष प्रदर्शन के माध्यम से मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने, आवेदन करने, सत्यापन कराने और कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। प्रशिक्षण में सूचना निदेशालय मुख्यालय सहित प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ जल्द मिल सके। उन्होंने प्रदेश के सभी जिला सूचना अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनकी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर एक सप्ताह के भीतर संबंधित विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
कार्य में लापरवाही और देरी बर्दाश्त नहीं होगी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/\
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विवरण अपलोड करने के बाद मुख्यालय को इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे आगे की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जा सके। सूचना निदेशक ने स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
