ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जों और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम भनौता में करीब 20 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 40 करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोप है कि कालोनाइजर इस जमीन पर बाउंड्री वॉल बनाकर अवैध कॉलोनी बसाने और प्लॉटिंग करने की तैयारी कर रहे थे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में प्राधिकरण की टीम लगातार अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान चला रही है। प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक विजय रावल ने बताया कि ग्राम भनौता में खसरा संख्या 371 और 372 की जमीन पर अवैध रूप से बाउंड्री वॉल बनाई जा रही थी। परियोजना विभाग के कार्य वृत्त-दो की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर करीब 20 हजार वर्ग मीटर भूमि को कब्जे से मुक्त कराया।
दो घंटे तक चला ध्वस्तीकरण अभियान, अवैध प्लॉटिंग पर भी कार्रवाई
यह कार्रवाई दोपहर दो बजे शुरू हुई और लगभग दो घंटे तक चली। इसके अतिरिक्त भनौता में ही अधिसूचित क्षेत्र के भीतर बन रहे विला और अवैध प्लॉटिंग पर भी रोक लगाते हुए सीलिंग की कार्रवाई की गई।
जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से जानकारी लेने की अपील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव ने स्पष्ट किया कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण की अनुमति नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर उसके संबंध में पूरी जानकारी प्राप्त करें और अवैध कॉलोनियों में अपनी मेहनत की कमाई निवेश करने से बचें।
