हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ क्षेत्र के विभिन्न निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं। निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और आवागमन का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया गया।
मेलाधिकारी ने शंकराचार्य चौक, कनखल सहित विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे अवस्थापना विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौराहों और सड़कों के सुधार, सौंदर्यीकरण, फुटपाथ निर्माण, पेयजल व्यवस्था तथा घाटों के विकास कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का पालन किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न होने दी जाए, ताकि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
भूमिगत मार्ग निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
देर शाम मेलाधिकारी ने प्रशासनिक मार्ग परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने चंडी चौक के निकट निर्माणाधीन दोहरी लेन वाले भूमिगत मार्ग की प्रगति की समीक्षा करते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना आवश्यक है। इसके लिए प्रतिदिन किए जाने वाले कार्यों की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों को परियोजना का पर्ट चार्ट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे प्रत्येक चरण की निगरानी की जा सके।
चंडी चौक और राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन का होगा सुधार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मेलाधिकारी ने चंडी चौक के सुधार कार्यों और यहां से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन के चौड़ीकरण की भी समीक्षा की। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को इन कार्यों में तेजी लाकर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान करने में सड़क सुधार से जुड़ी परियोजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
