हापुड़ (शिखर समाचार)। जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक मधुवन कुमार सिंह ने शनिवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। पुलिस लाइन में पहुंचने पर पुलिस गार्द ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण और आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
भयमुक्त समाज की स्थापना और अपराध नियंत्रण प्राथमिकता
कार्यभार संभालने के बाद एसपी मधुवन कुमार सिंह ने कहा कि आमजन को सुरक्षा प्रदान करना और भयमुक्त समाज की स्थापना उनकी प्राथमिकता है। किसी को भी कानून हाथ में लेने की छूट नहीं दी जाएगी। शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि थानों और पुलिस कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी जाएगी और उसका समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में प्रभावी कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाना भी प्राथमिकता में रहेगा। जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए पैदल गश्त बढ़ाने और पुलिस तथा आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया जाएगा।
साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए बनेगी योजना
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
एसपी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शामिल होने के कारण हापुड़ में साइबर अपराधों से निपटना भी महत्वपूर्ण है। साइबर ठगी पर अंकुश लगाने और लोगों को इससे बचाने के लिए योजना बनाकर काम किया जाएगा। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक महेश कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर दीपक चतुर्वेदी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
