गाजियाबाद (शिखर समाचार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं देशसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को घंटाघर स्थित रामलीला मैदान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेवा ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कर सेवा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में युवाओं और नागरिकों ने भाग लिया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना।
राजनाथ सिंह बोले- राजनीति का उद्देश्य देश का निर्माण होना चाहिए
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सरकार बनाना नहीं, बल्कि देश का निर्माण करना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने पूरी निष्ठा और सेवा भाव के साथ देश की सेवा की है और यह साबित किया है कि राजनीति देश निर्माण का माध्यम भी बन सकती है। राजनाथ सिंह ने कहा कि वह नरेंद्र मोदी को वर्ष 2001 से जानते हैं और उन्होंने प्रधानमंत्री को निरंतर कार्य करते देखा है। उनके अनुसार मोदी ने व्यक्तिगत अवकाश की चिंता किए बिना देशसेवा को प्राथमिकता दी है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा और प्रभाव बढ़ा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
रक्षा मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा और प्रभाव में बड़ा बदलाव आया है। आज दुनिया भारत की बात को गंभीरता से सुनती है और यह जानना चाहती है कि भारत का रुख क्या है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात की चिंता नहीं की कि दुनिया नाराज होगी या नहीं, बल्कि देश को आगे बढ़ाने को प्राथमिकता दी।
संबोधन के बाद राजनाथ सिंह ने हाथ में सेवा ज्योति की मशाल लेकर सेवा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, राज्यसभा सदस्य संगीता यादव, राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, महापौर सुनीता दयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, संजीव शर्मा, अजीत पाल त्यागी, डॉ. मंजू सिवाच, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
