खराब प्रगति वाले अधिकारियों को जिलाधिकारी ने लगाई फटकार, वेतन रोकने और कारण बताओ नोटिस के निर्देश

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
"District Magistrate reprimands officials with poor progress, directs to withhold salary and issue show-cause notices" IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

शामली (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी आलोक यादव की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के आधार पर विकास एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खराब प्रदर्शन वाले विभागों के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार करने को कहा। सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा के दौरान कार्य पूर्ण होने के बावजूद पोर्टल पर जानकारी अद्यतन नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। नलकूप विभाग के अधिशासी अभियंता के बैठक में अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा।

विकास कार्यों की समीक्षा और लापरवाही पर कार्रवाई

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

परिवार पहचान पत्र की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पंचायती राज, स्वास्थ्य, समेकित बाल विकास सेवा और लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा उन्हें निर्धारित समय में पूरा करने को कहा। पूर्ण हो चुके कार्यों की सुपुर्दगी की कार्रवाई भी शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

राजस्व कार्यों और शिकायतों के निस्तारण की स्थिति

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

राजस्व कार्यों की समीक्षा में आबकारी, खनन, वन, राज्य कर, विद्युत, सिंचाई, गन्ना और सहायक संभागीय परिवहन विभाग को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिकायतों के निस्तारण पर संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाभवन के प्रभारी चिकित्साधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी थानाभवन, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अधिशासी अधिकारी एलम और चकबंदी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ब्रजेन्द्र शुक्ल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्येन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. तृतीय कुमार सक्सेना सहित सभी उपजिलाधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment