भव्य रावल मौत मामले में परिजनों ने दोस्त पर लगाया हत्या का आरोप, पुनर्विवेचना की मांग

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
In the Bhavya Rawal Death Case, Family Members Accuse His Friend of Murder and Demand a Fresh Investigation IMAGE CREDIT TO रिपोर्टर

हापुड़ (शिखर समाचार)। जनपद के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में करीब दस माह पूर्व विवाह समारोह में आए दिल्ली निवासी युवक भव्य रावल की ट्रैक्टर से कुचलकर हुई मौत के मामले में परिजनों ने रविवार को प्रेस वार्ता कर उसके दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया। परिजनों ने पुलिस पर विवेचना में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह से मामले की पुनर्विवेचना कराने की मांग की है।

परिजनों ने घटना को बताया पूर्व नियोजित षड्यंत्र

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

परिजनों के अनुसार 16 नवंबर 2025 को भव्य रावल अपने साथियों के साथ बहादुरगढ़ क्षेत्र में एक विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह के बाद सभी एक खेत में गए, जहां खड़े ट्रैक्टर का उपयोग किया गया। इसी दौरान भव्य ट्रैक्टर के नीचे आ गए और उनकी मौत हो गई। परिजनों ने घटना को पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि घटनास्थल की वीडियो क्लिप की वैज्ञानिक जांच और मौके पर मौजूद सभी लोगों से पूछताछ होनी चाहिए।

मदद गुरु फाउंडेशन के अध्यक्ष आयुष गौड़ के साथ आयोजित प्रेस वार्ता में मृतक के भाई लक्ष्य रावल ने आरोप लगाया कि विवेचना अधिकारियों और बहादुरगढ़ थाने के तत्कालीन व वर्तमान अधिकारियों ने आरोपियों से कथित मिलीभगत कर मामले में अंतिम रिपोर्ट लगा दी। परिजनों का दावा है कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, वीडियो की फोरेंसिक जांच, घटनास्थल और वाहन का परीक्षण तथा घटनास्थल का पुनर्निर्माण जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को विवेचना में शामिल नहीं किया गया।

पुलिस अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप, पुनर्विवेचना की मांग

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

परिजनों ने विवेचना अधिकारियों बनी सिंह व नवीन कुमार, तत्कालीन थाना प्रभारी धीरज मलिक तथा वर्तमान थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोपी पार्थ गुप्ता, वरुण पांडे, अवनीश चौधरी और विशेष रूप से तन्मय सिंघल पर प्रभाव व रसूख के इस्तेमाल से जांच प्रभावित करने का आरोप लगाया। परिवार ने कहा कि न्याय नहीं मिला तो मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी और मुख्यमंत्री के समक्ष गुहार लगाएंगे।

मदद गुरु फाउंडेशन के अध्यक्ष आयुष गौड़ ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य ‘मदद के बदले मदद’ करना है। जरूरतमंद लोग फाउंडेशन से किसी भी प्रकार की मदद ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन ने मदद गुरु पत्रकार एसोसिएशन, अखिल भारतीय समूह की शुरुआत भी की है, जिसके माध्यम से पत्रकारों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर अभिषेक, कर्ण जैन आदि मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment