लोनी में पुलिस मुठभेड़: नकबजनी का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल, 50 लाख के जेवर बरामद

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Loni Police Encounter: Burglary Suspect Injured After Being Shot in the Leg, Jewelry Worth ₹50 Lakh Recovered — IMAGE CREDIT TO

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। लोनी थाना पुलिस ने नकबजनी की वारदात में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और नकबजनी की घटना में चोरी किए गए करीब 50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए।

इसी कड़ी में थाना लोनी क्षेत्र के निठोरा अंडरपास के पास पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नकबजनी की घटना में वांछित अभियुक्त मोटरसाइकिल से निठोरा की ओर से आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चेकिंग तेज कर दी। कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने पहले बाइक धीमी की और फिर अचानक तेज गति से निठोरा की ओर भागने लगा। संदिग्ध के कंधे पर पिट्ठू बैग टंगा हुआ था। शक होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया।

फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

भागने के दौरान उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस पूछताछ में उसने अपना नाम सचिन बताया।

50 लाख के आभूषण बरामद, एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

सचिन ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने 20 अगस्त की रात लोनी के गिरि मार्केट क्षेत्र में एक घर में घुसकर नकबजनी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसके पास से इसी घटना में चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है। सहायक पुलिस आयुक्त लोनी राम किशन ने बताया कि इसके खिलाफ कमिश्नरेट गाजियाबाद के विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें नकबजनी, चोरी, चोरी के माल की बरामदगी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस टीम अब बरामद आभूषणों के संबंध में भी जांच कर रही है कि उसने पूर्व में कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है और उसके साथ इस अपराध में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

Share This Article
Leave a comment