गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
थाना लिंकरोड पुलिस ने टप्पेबाजी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से धोखे से चोरी की गई पीली धातु की कान की बाली बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि उसके दो साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
महिला को झांसे में लेकर कुंडल उड़ाने वाले आरोपी की गिरफ्तारी
बीती 6 जुलाई 2026 को झंडापुर मेन मार्केट निवासी विनीत ने थाना लिंकरोड में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई की सुबह वह घर से दवा लेने के लिए निकली थीं। इसी दौरान रास्ते में 2-3 अज्ञात युवक उनके पास आए और बातचीत में उलझाकर उन्हें अपने झांसे में ले लिया।
आरोपियों ने चालाकी से उनके कानों से सोने के कुंडल उतरवा लिए और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना लिंकरोड में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने वसुंधरा कट से साहिबाबाद डिपो की तरफ जाने वाले मार्ग पर प्लॉट संख्या ए-21/1 के पास से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पैजान पुत्र नासिर अली के रूप में हुई है। उसकी उम्र 21 वर्ष है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई एक कान की बाली बरामद हुई।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने अपने साथियों इरफान उर्फ चम्मन और शहताब के साथ मिलकर महिला को बहला-फुसलाकर कुंडल हड़पे थे। बरामद बाली उसी घटना से संबंधित है। दूसरी बाली उसके फरार साथियों के पास है। उसने यह भी बताया कि बाली बेचने के बाद मिलने वाली रकम में से उसे 5 हजार रुपये मिलने थे।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि टप्पेबाजी की इस घटना में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार अभियुक्त इरफान और शहताब की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
