मेरठ (शिखर समाचार)। नवरात्र, दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए मेरठ परिक्षेत्र पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। परिक्षेत्र के मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ जिलों में लगभग पांच हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 115 संवेदनशील स्थान चिह्नित किए गए हैं। इसके अलावा 24 जोन, 81 सेक्टर और 61 त्वरित प्रतिक्रिया दल गठित किए गए हैं। नवरात्र और दुर्गा पूजा के कार्यक्रम 11 अक्टूबर से शुरू होंगे, जबकि दशहरा 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा।
पुलिस के अनुसार
पुलिस के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था में सात अपर पुलिस अधीक्षक, 25 क्षेत्राधिकारी, 92 निरीक्षक, 810 उपनिरीक्षक, 1,455 मुख्य आरक्षी, 1,715 आरक्षी, 890 होमगार्ड एवं प्रांतीय रक्षक दल के जवान तथा प्रांतीय सशस्त्र बल की दो कंपनियां तैनात रहेंगी। चारों जिलों में कुल 390 शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। इनमें मेरठ में 45, बुलंदशहर में 260, बागपत में 35 और हापुड़ में 50 शोभायात्राएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 26 पूजा पंडाल, 27 दुर्गा प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम, 56 कार्यक्रम वाले मंदिर और 44 जागरण एवं पूजा-अर्चना के आयोजन प्रस्तावित हैं। परिक्षेत्र में 114 मेले एवं रामलीला मंचन तथा 112 स्थानों पर रावण दहन होगा।
मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक कलानिधि नैथानी ने सभी जिला प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि जुलूस मार्गों, पूजा स्थलों, प्रतिमा विसर्जन स्थलों और रावण दहन स्थलों का पहले से निरीक्षण कर विवादों का समय रहते समाधान किया जाए। नई परंपरा की अनुमति न देने, असामाजिक तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई करने और पिछले पांच वर्षों के विवादों की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस को भीड़ नियंत्रण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
पुलिस को भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, पार्किंग, अवरोधक लगाने और अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त और फ्लैग मार्च के साथ सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन से निगरानी की जाएगी। सामाजिक माध्यमों पर अफवाहों और आपत्तिजनक सामग्री पर भी नजर रखी जाएगी। महिला सुरक्षा के लिए रामलीला स्थलों, मेलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने आयोजकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और आमजन से त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है।
