———150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
हापुड़ (शिखर समाचार)। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गिरधारी नगर निवासी टिम्बर कारोबारी नरेन्द्र अग्रवाल के घर हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज लूट की घटना के 48 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सफलता नहीं लग सकी है। हालांकि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की दस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं और विभिन्न स्थानों पर लगे लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की गहन जांच की जा रही है।
सशस्त्र बदमाशों ने परिवार को बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार चार सशस्त्र बदमाशों ने नरेन्द्र अग्रवाल के घर में घुसकर परिवार के सदस्यों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया था। इसके बाद बदमाश करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण और नकदी लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस राष्ट्रीय राजमार्ग-9 तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की गतिविधियों और उनके भागने के रास्तों का पता लगाया जा सके।
दस पुलिस टीमें कर रहीं जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि घटना के शीघ्र खुलासे के लिए दस पुलिस टीमें लगाई गई हैं। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है और विभिन्न बिंदुओं पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
इस बीच दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कैप्टन विकास गुप्ता तथा भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष विनीत शारदा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने अपर पुलिस महानिदेशक और पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर वार्ता कर मामले का शीघ्र खुलासा करने और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
व्यापारियों में आक्रोश, बाजार बंद कर आंदोलन की चेतावनी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/dr-vineet-utpals-book-on-social-media/
उधर इस घटना को लेकर व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश व्याप्त है। व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान के जिलाध्यक्ष अरुण अग्रवाल, सचिन जिंदल, संयुक्त व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष ललित अग्रवाल तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संजय डाबर समेत कई व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही घटना का खुलासा नहीं हुआ तो बाजार बंद कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
व्यापारियों का कहना है कि जिले में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय हैं और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस को प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। घटना के खुलासे में हो रही देरी से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना लगातार बढ़ रही है।
