जेवर (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल जेवर मंडल इकाई द्वारा व्यापारी एवं कारोबारी सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन जेवर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के एनसीआर चेयरमैन डॉ. पीयूष द्विवेदी ने दीप प्रज्वलित कर किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजय जैन ने की। सम्मेलन में क्षेत्र के व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
मुख्य अतिथियों की उपस्थिति और समस्याओं पर चर्चा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेघा रूपम, ग्रेटर नोएडा डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह तथा एसडीएम दुर्गेश सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन पर विस्तृत चर्चा एवं विचार-विमर्श किया। इस दौरान कुछ समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि अन्य समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया।
ज्ञापन सौंपकर व्यापारियों ने रखीं प्रमुख मांगें
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
व्यापार मंडल की ओर से जिलाधिकारी और डीसीपी को विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन में अनाज मंडी में हो रही अवैध पार्किंग पर रोक लगाने, मंडी में वाटर कूलर एवं पेयजल व्यवस्था कराने, यमुना एक्सप्रेसवे से खुर्जा रोड और झज्जर रोड को चौड़ा कराने, जाम एवं सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा सड़कों पर हो रहे अतिक्रमण को तत्काल हटाने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।
जिलाधिकारी मेघा रूपम ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने एसडीएम दुर्गेश सिंह को निर्देश दिए कि व्यापारियों द्वारा उठाई गई मांगों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन का आश्वासन और बड़ी संख्या में व्यापारियों की भागीदारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
सम्मेलन में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल जिला गौतमबुद्ध नगर के जिला महासचिव अमित अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष नरेश बंसल, महासचिव राहुल भाटिया, सचिव सुनील वर्मा, डॉ. जे.एस. बेदी तथा तनवीर सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जेवर मंडल इकाई से अध्यक्ष संजय महेश्वरी, महासचिव कुलदीप पंडित, संरक्षक जैनेंद्र कुमार जैन, कोषाध्यक्ष अनिल गोयल, अंबर सिंगल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जेवर, जहांगीरपुर और रबूपुरा क्षेत्र के लगभग 200 से अधिक व्यापारियों एवं उद्यमियों ने भाग लेकर प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। सम्मेलन के दौरान व्यापारियों ने प्रशासन से क्षेत्र के विकास एवं व्यापारिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की।
