हापुड़ (शिखर समाचार)। 20 मई 2026 को जिलाधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार हापुड़ में प्रातः 11 बजे किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए कृषकों एवं कृषक प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप कृषि निदेशक हापुड़ योगेंद्र कुमार द्वारा सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं किसान भाइयों के स्वागत के साथ किया गया।
फार्मर रजिस्ट्री और पूर्व शिकायतों के निस्तारण की जानकारी
उप कृषि निदेशक ने उपस्थित किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अभी तक नहीं बनी है, वे शीघ्र अपनी फार्मर रजिस्ट्री तैयार कराएं। उन्होंने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से अवगत कराया। इसके साथ ही गत माह अप्रैल 2026 में आयोजित किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की आख्या भी किसानों के समक्ष पढ़कर सुनाई गई तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा निस्तारण की विस्तृत जानकारी दी गई।
किसानों की समस्याएं और जिलाधिकारी के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
किसान दिवस में किसानों द्वारा विभिन्न समस्याएं लिखित रूप में प्रस्तुत की गईं। इनमें गन्ना भुगतान, विद्युत व्यवस्था, तहसील संबंधी मामलों तथा सिंचाई विभाग से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं। जिलाधिकारी कविता मीना ने सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों एवं विभागीय प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निस्तारण कार्यवाही की प्रति किसान दिवस के नोडल अधिकारी उप कृषि निदेशक कार्यालय, निकट कोतवाली हापुड़ में उपलब्ध कराई जाए तथा उसकी एक प्रति शिकायतकर्ता किसान को भी अनिवार्य रूप से प्रदान की जाए।
