गाजियाबाद (शिखर समाचार)। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने पूर्वांचल भवन के संचालन एवं सदस्यता अभियान को लेकर नगर निगम सभागार में पूर्वांचल समाज के सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में गाजियाबाद के विभिन्न क्षेत्रों से पूर्वांचल एवं बिहार परिवार के दर्जनों सदस्य उपस्थित रहे।
पूर्वांचल भवन के संचालन पर विस्तृत चर्चा
बैठक में पूर्वांचल भवन के संचालन, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार तथा समाज की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि पूर्वांचल भवन की सदस्यता के लिए अजीवन सदस्यता शुल्क 11,000 रुपये, विशेष सदस्यता शुल्क 5,100 रुपये तथा साधारण सदस्यता शुल्क 2,100 रुपये निर्धारित किया जाएगा।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम द्वारा उत्तरांचल भवन के बाद पूर्वांचल भवन के संचालन हेतु कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। अगले 7 दिन के भीतर पूर्वांचल भवन पर भव्य रूप से बैठक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भारी संख्या में पूर्वांचल समाज के लोगों द्वारा सदस्यता ग्रहण की जाएगी। पूर्वांचल भवन के सफल संचालन हेतु कई समितियां भी आगे आ रही हैं, जिनके द्वारा अधिक से अधिक सदस्य बनाने का कार्य करते हुए नगर निगम का सहयोग किया जाएगा। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
समाज के लोगों ने जताई सहमति
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
उपस्थित सभी सदस्यों ने इस प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की तथा पूर्वांचल समाज को संगठित एवं सशक्त बनाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताया। बैठक के दौरान ही कई सदस्यों ने ऑनलाइन भुगतान कर पूर्वांचल भवन की अजीवन सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर पुरबिया जनकल्याण परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्ष रीता सिंह, प्रवक्ता जय दीक्षित, उपाध्यक्ष कंचन तिवारी, संजीव सिंह, तिलकराम पाण्डेय, सुभाष सिंह सहित कई सदस्यों ने अजीवन सदस्यता लेकर समाज के लोगों से भी पूर्वांचल भवन से जुड़ने एवं सदस्यता ग्रहण करने का आह्वान किया। बैठक में मनोज मुंगेरी, राकेश तिवारी, राजाराम मौर्य, सुजीत तिवारी, सुभाष सिंह, अमन शर्मा, आशीष कुमार, कैप्टन गोपाल, पिंटू सिंह आदि मौजूद रहे।
